सिंगरौली। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने रविवार को जयंत कोल माइंस का निरीक्षण कर कोल उत्पादन, परिवहन व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोल उत्पादन के वार्षिक लक्ष्य की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त किया जाए।
कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने जयंत कोल माइंस का निरीक्षण कर कोयला उत्पादन, परिवहन व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कोल उत्पादन के वार्षिक लक्ष्य की जानकारी ली और निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल किया जाए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कोयले के ग्रेड की जानकारी लेते हुए कहा कि खनन कार्य के दौरान सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही ब्लास्टिंग के दौरान भी निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खनन कार्य पूर्ण हो चुके क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने को कहा। वहीं मोरवा क्षेत्र में विस्थापन प्रक्रिया को समय पर पूरा करने तथा खनन क्षेत्र के पास स्थित मकानों का मुआवजा वितरण कर परियोजना कार्यों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि खनन क्षेत्र में कोई आवास न रहे। कोयला परिवहन के दौरान यातायात नियंत्रण और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने कहा कि परिवहन निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार ही किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ई-ऑक्शन के माध्यम से जिन ट्रांसपोर्टरों को कोयला परिवहन की अनुमति दी जाती है, उनके चालक पूरी तरह प्रशिक्षित और कुशल हों। साथ ही समय-समय पर टीम बनाकर ड्राइवरों की जांच कराने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि अनस्किल्ड ड्राइवरों से कोयला परिवहन न कराया जाए। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कलेक्टर ने एनसीएल प्रबंधन को ट्रांसपोर्टरों के साथ संयुक्त बैठक कर भारी वाहन चालकों का प्रशिक्षण और सर्टिफिकेशन कराने के निर्देश दिए।







