चूरू। शहर की चूरू पुलिस ने नागरिकों के लिए शिकायत दर्ज करना आसान बनाने के लिए अनोखी पहल की है। शहर में कालिका टीम ने राजकॉप सिटीजन ऐप के पम्पलेट सार्वजनिक स्थानों पर लगाए और लोगों को इस ऐप के माध्यम से सीधे शिकायत दर्ज करने की जानकारी दी।
टीम की हैड कांस्टेबल कौशल्या ने बताया कि अब नागरिक थाने आने की बजाय सीधे मोबाइल से अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। पम्पलेट में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर ऐप डाउनलोड किया जा सकता है। कालिका टीम ने लोहिया कॉलेज, रेलवे स्टेशन, परिवहन साधन, बालिका महाविद्यालय, कन्या महाविद्यालय, बस स्टैंड, लेडीज मार्केट, जिला खेल स्टेडियम और राजकीय डीबी अस्पताल सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर पम्पलेट लगाए। लोगों को बताया गया कि ऐप के “नीड हेल्प” फीचर में आपातकालीन स्थिति चुनने पर पुलिस तुरंत मदद के लिए पहुंचेगी। इसके अलावा ऐप में किराएदार या नौकर का पुलिस सत्यापन, साइबर फ्रॉड की रिपोर्टिंग और एसओएस पैनिक बटन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। शिकायत पूरी तरह गोपनीय रहती है और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाता है।







