बिहार। जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र की पूर्वी पंचायत के मंझार गांव में शादी के महज एक दिन बाद दुल्हन के प्रेमी संग फरार होने का मामला सामने आया है। दूल्हे पक्ष का आरोप है कि दुल्हन लाखों रुपये के गहने और करीब एक लाख रुपये नकद भी साथ ले गई है। घटना के बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मचा हुआ है और पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
जिले के तुरकौलिया थाना क्षेत्र की पूर्वी पंचायत स्थित मंझार गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के महज एक दिन बाद ही दुल्हन अपने कथित प्रेमी के साथ फरार हो गई। दूल्हे पक्ष का आरोप है कि दुल्हन लाखों रुपये के गहने और करीब एक लाख रुपये नकद लेकर गई है। मिली जानकारी के अनुसार, मंझार गांव निवासी भानु शर्मा की शादी 20 फरवरी को धूमधाम से हुई थी। उनकी शादी संग्रामपुर थाना क्षेत्र के इंद्रगाछी गांव निवासी बच्चा शर्मा की पुत्री लक्की से संपन्न हुई। 21 फरवरी को विदाई के बाद दुल्हन ससुराल पहुंची और परिवार में खुशियों का माहौल था। बताया जा रहा है कि 22 फरवरी की सुबह दुल्हन ने परीक्षा संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन का हवाला देते हुए कॉलेज जाने की बात कही। पति उसे बाइक से एलएनडी कॉलेज लेकर पहुंचा और गेट पर इंतजार करने लगा। इसी बीच दुल्हन कॉलेज के पिछले दरवाजे से अपने कथित प्रेमी सुजीत के साथ फरार हो गई। काफी देर तक इंतजार के बाद जब वह वापस नहीं लौटी तो पति ने कॉलेज परिसर में तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। घर लौटकर परिजनों को सूचना दी गई। दोनों परिवारों ने अपने-अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली।







