सिंगरौली। जनपद पंचायत चितरंगी में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘विकसित भारत जी-राम-जी योजना’ का शुभारंभ पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राधा सिंह ने किया। सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यशाला में भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर योजना की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सरपंच, सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायकों ने भाग लिया।
राज्य मंत्री राधा सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतों का विकास ग्राम सभा की भागीदारी और सहमति से ही संभव है। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम सभा की पूर्व स्वीकृति के बिना कोई भी निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाए। विकास योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता के साथ और आमजन के हितों को ध्यान में रखकर किया जाए। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रत्येक हितग्राही के घर के सामने पौधरोपण कराने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे ने सभी सरपंचों को निर्देशित किया कि वे योजना के तहत प्रस्तावित विकास कार्यों की कार्ययोजना ग्राम सभा में चर्चा के बाद तैयार करें और शीघ्र जिला पंचायत को अनुमोदन के लिए भेजें, जिससे योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।







