सिंगरौली। जिले में अवैध शराब के संग्रहण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में वैढन वृत्त के ग्राम बरहपान में आबकारी टीम ने छापेमारी कर दो आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की।
अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के अभियान के तहत आबकारी विभाग ने वैढन वृत्त के ग्राम बरहपान में छापामार कार्रवाई कर दो लोगों के घर से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान कुल 26.35 बल्क लीटर बीयर, देसी एवं विदेशी मदिरा बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 9,868 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी सतीश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। टीम ने भरतलाल जायसवाल और मीना जायसवाल के रिहायशी मकान पर दबिश देकर विभिन्न ब्रांडों की बीयर एवं शराब जब्त की। आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में वृत्त प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक नीलिमा मार्को के साथ आबकारी आरक्षक रामनरेश साहू, आलोक सिंह और संध्या मेहरा की सक्रिय भूमिका रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







