सिंगरौली। जिले में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल एवं सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वाहनों को जब्त किया गया।
अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए जिले में चार वाहनों को जब्त किया है। इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन करने वालों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा। खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल और सहायक खनि अधिकारी रामसुशील चौरसिया की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन करते दो रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक गिट्टी से लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा हाइवा क्रमांक MP66H2264 को पकड़ा। सभी वाहनों को तत्काल जब्त कर पुलिस चौकी बंधौरा, थाना माड़ा और कोतवाली वैढ़न में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग के अनुसार जब्त वाहनों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।







