सिंगरौली। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आरटीओ विभाग पूरी सक्रियता के साथ काम कर रहा है। सिंगरौली–सोनभद्र मार्ग पर चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत बसों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की जा रही है। डबल डोर, इमरजेंसी विंडो, फायर सेफ्टी उपकरण और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर विभाग परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने का प्रयास कर रहा है।
जिले मे सड़क सुरक्षा और यात्री हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग द्वारा सिंगरौली–सोनभद्र मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। परिवहन आयुक्त के निर्देश एवं जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के मार्गदर्शन में आरटीओ टीम बसों में डबल डोर, आपातकालीन खिड़की, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स सहित सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच कर रही है। आरटीओ चेक पॉइंट सिंगरौली-01 पर शुक्रवार से यात्री बसों सहित अन्य वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।
अभियान के दौरान बसों में डबल डोर, आपातकालीन खिड़की (इमरजेंसी विंडो), फायर सेफ्टी उपकरण, फर्स्ट एड बॉक्स, मेडिकल किट सहित परमिट, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्रों की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों द्वारा यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी आपातकालीन निकास व्यवस्था पूरी तरह कार्यशील अवस्था में रहें। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई तथा वाहन संचालकों को यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सख्त हिदायत भी दी गई।
आरटीओ की इस सक्रिय पहल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। विभाग द्वारा वाहन संचालकों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। लगातार चल रहे इस अभियान को आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।







