छतरपुर। जिले मे एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। एक पिता ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बेटियों को कमरे में बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया और खुद दूसरे कमरे में आत्महत्या कर ली।
बड़ामलहरा क्षेत्र से रविवार सुबह एक ऐसा मामला सामने आया जिसने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। वार्ड नंबर 1 में एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी और तीन छोटी बेटियों को कमरे में बाहर से बंद किया, फिर खुद दूसरे कमरे में जाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को शक हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का ताला तोड़कर महिला और बच्चियों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित हैं, लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें पारिवारिक तनाव, आर्थिक स्थिति और अन्य संभावित कारण शामिल हैं। इस हृदयविदारक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक पिता ने इतना बड़ा कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से पड़ताल में जुटी हुई है।







