सिंगरौली। विकासखंड चितरंगी अंतर्गत ग्राम पंचायत बुढाडोल में सोमवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम मप्र जन अभियान परिषद जिला सिंगरौली के निर्देशन में नवांकुर संस्था रामचंद्र सेवा समिति द्वारा आयोजित किया गया।
उक्त अवसर पर ग्राम नौगई पिपरहवा टोला में फलदार आम का पौधा रोपित कर विधिवत वृक्षपूजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सरपंच प्रतिनिधि जगभान सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन संपन्न कराया। साथ ही ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम के तहत गांव में स्थित स्टॉप डैम की साफ-सफाई कर जल संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस पहल का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्था के सचिव रजनीश साहू, परामर्शदाता राधा यादव, राजकुमार सिंह, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष राजकुमार सिंह, सचिव रामप्रसाद यादव, उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।







