सिंगरौली। जिले के विंध्यनगर थाना पुलिस ने हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है।
थाना प्रभारी के अनुसार 10 फरवरी को मंदिर के पुजारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने रात में मंदिर का ताला तोड़कर चांदी का गदा, मुकुट और दान पेटी से नकदी चोरी कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने संजय शाह, संजय वर्मा और संदीप वर्मा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी का गदा, मुकुट, दान पेटी से चोरी हुए रुपये, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और औजार जब्त किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।







