आगरा। जिले में डॉक्टरों के सामने एक बेहद असामान्य और जटिल मामला सामने आया, जब पेट दर्द से परेशान एक युवक के शरीर के अंदर प्लास्टिक की बोतल फंसी होने का खुलासा हुआ। डॉक्टरों ने सफल सर्जरी कर उसे बाहर निकालकर मरीज की जान बचाई।
जानकारी के अनुसार, साकेत कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय युवक करीब 36 घंटे से तेज दर्द से परेशान था। दर्द असहनीय होने पर परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्रारंभिक जांच और एक्स-रे में पता चला कि उसके मलाशय में एक लीटर की प्लास्टिक बोतल फंसी हुई है।
अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन Dr. Sunil Sharma के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने सावधानीपूर्वक ऑपरेशन किया। यह सर्जरी बेहद चुनौतीपूर्ण थी, क्योंकि इसमें आंत और मलाशय को नुकसान पहुंचने का खतरा था। करीब 1 घंटे 10 मिनट तक चले ऑपरेशन के बाद बोतल को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया। ऑपरेशन के बाद मरीज को निगरानी में रखा गया और आगे की जांच के लिए सिग्मॉयडोस्कोपी भी की गई, ताकि किसी प्रकार की अंदरूनी चोट या संक्रमण का पता लगाया जा सके। चार दिन तक इलाज के बाद मरीज की हालत सामान्य होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
डॉक्टरों के अनुसार, यह मामला एक मनो-यौन स्थिति “एनल एरोटिसिज्म” से जुड़ा हो सकता है, जिसमें व्यक्ति जोखिम भरे व्यवहार कर बैठता है। विशेषज्ञों ने ऐसे मामलों में समय पर इलाज और काउंसलिंग की आवश्यकता पर जोर दिया है।







