सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना सरई के गन्नई गांव में एक बेटे ने मामूली विवाद के चलते अपने ही पिता की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रघुनाथ कोल (पिता रामरशीले कोल) निवासी तेंदूहा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर आरोपी पुत्र ने लाठी-डंडों से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिता और पुत्र के बीच पहले भी कई बार विवाद और मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं, लेकिन इस बार विवाद इतना बढ़ गया कि उसने हत्या का रूप ले लिया।







