best news portal development company in india

उमरिया के कल्दा हाईस्कूल में छात्राओं की अजीब हरकतों से हड़कंप, झाड़-फूंक के बाद ठीक होने का दावा

SHARE:

उमरिया। जिले के जनपद पंचायत करकेली अंतर्गत ग्राम कल्दा स्थित हाईस्कूल में तीन दिनों के भीतर 11 छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। छात्राएं क्लास के दौरान असामान्य हरकतें करने लगीं और कुछ देर तक नाचने-कूदने जैसी स्थिति में रहीं।

जिले के जनपद पंचायत करकेली के ग्राम कल्दा स्थित हाईस्कूल में बीते तीन दिनों से घट रही घटनाओं ने पूरे इलाके को चौंका दिया है। स्कूल में पढ़ने वाली छात्राएं अचानक अजीब व्यवहार करने लगीं, जिससे स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई। पहले दिन दो छात्राएं कक्षा के बाहर असामान्य रूप से चिल्लाने और उछलने लगीं। शिक्षकों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने पारंपरिक तरीके से झाड़-फूंक कराई, जिसके बाद बच्चियों के सामान्य होने की बात कही गई। दूसरे दिन तीन से चार छात्राओं में भी इसी तरह के लक्षण दिखाई दिए। तीसरे दिन स्थिति और गंभीर हो गई, जब 10-11 छात्राएं एक साथ प्रभावित दिखीं। इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो के वायरल होते ही गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। अभिभावक छात्राओं को पहाड़ी पर स्थित महोबा दादर मंदिर ले गए, जहां पूजा-पाठ और झाड़-फूंक के बाद सभी के ठीक होने का दावा किया गया है। स्कूल के प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि फिलहाल सभी छात्राएं सामान्य हैं और स्कूल में पढ़ाई सुचारू रूप से जारी है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाओं में चिकित्सकीय परीक्षण और मनोवैज्ञानिक परामर्श भी जरूरी होता है, ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी आधिकारिक जांच की पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Comment