सिंगरौली। जिले में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान आयोजित किया जाएगा। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय एवं संचालनालय स्वराज संस्थान, भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना तथा तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है।
जिले में हर घर तिरंगा-2026 अभियान 9 से 17 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए कलेक्टर गौरव बैनल ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। ग्रामीण क्षेत्र की जिम्मेदारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश कुमार गोमे तथा शहरी क्षेत्र की जिम्मेदारी नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान को सौंपी गई है। अभियान के तहत लोगों को अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिलेभर में सामूहिक गायन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान बनाए रखने की अपील की है।






