सिंगरौली। जिले में सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर चार विभागों की संयुक्त टीम ने व्यापक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर 5 मालवाहक वाहन और 8 ऑटो जब्त किए गए, जबकि कई अन्य वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
जिले में सुरक्षित, प्रदूषण-मुक्त और नियमसम्मत परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने प्रशासन के अन्य विभागों के साथ मिलकर विशेष जांच अभियान चलाया। कलेक्टर गौरव बैनल के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। संयुक्त टीम ने मोरवा, शुक्ला मोड़, एनटीपीसी गेट और कांटा मोड़ क्षेत्र में सघन जांच की। इस दौरान ओवरलोड वाहन, बिना तिरपाल फ्लाई ऐश और कोयले का परिवहन, बिना वैध परमिट, फिटनेस, बीमा, पीयूसी तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संचालित वाहनों की जांच की गई। कार्रवाई के तहत जब्त किए गए 5 मालवाहनों को मोरवा थाना तथा 8 ऑटो को विंध्यनगर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया। प्रशासन ने कहा कि बिना तिरपाल फ्लाई ऐश एवं कोयले का परिवहन पर्यावरण और सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है, वहीं ओवरलोड वाहन दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाने के साथ सड़कों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। कलेक्टर गौरव बैनल ने निर्देश दिए हैं कि अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और पर्यावरणीय नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






