सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज उत्खनन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में ग्राम गनियारी स्थित मुक्तिधाम के समीप अवैध रेत एवं मिट्टी उत्खनन की सूचना पर विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की जेसीबी मशीन जब्त कर ली।
जिले में अवैध रेत और मिट्टी के उत्खनन पर खनिज विभाग लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में ग्राम गनियारी के मुक्तिधाम के पास अवैध उत्खनन में लगी बिना नंबर की जेसीबी को जब्त कर विभाग ने अवैध खनन करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया है कि नियमों से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के निर्देशन में सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जब्त जेसीबी को सासन पुलिस चौकी में सुरक्षित रखा गया है, जबकि उत्खनित खनिज की मात्रा का आंकलन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित के खिलाफ खनिज नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







