सिंगरौली। जिले के कोतवाली बैढ़न थाना क्षेत्र के परसौना गांव में शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा देवसर विधायक कार्यालय के सामने बैढ़न-बरगवां मुख्य मार्ग पर हुआ। टैंकर पलटते ही डीजल का रिसाव शुरू हो गया, जिससे सड़क पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
बैढ़न-बरगवां मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परसौना गांव के पास डीजल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा देवसर विधायक कार्यालय के सामने हुआ। टैंकर पलटते ही सड़क पर डीजल बहने लगा, जिससे यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही खुटार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। इसी दौरान बह रहे डीजल को एकत्र करने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग डिब्बे, बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, टैंकर से बड़ी मात्रा में डीजल बह जाने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। पुलिस ने यातायात सामान्य कराते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







