best news portal development company in india

भीषण आग से 2 करोड़ से ज्यादा का नुकसान, इलेक्ट्रॉनिक्स-फर्नीचर शोरूम जलकर खाक

SHARE:

हरदोई। जिले के सांडी कस्बे में शुक्रवार देर रात एक बड़ा अग्निकांड सामने आया, जहां शोभित इलेक्ट्रॉनिक्स एंड फर्नीचर्स शोरूम और गोदाम में भीषण आग लग गई। इस हादसे में करीब 2 करोड़ रुपए से अधिक का सामान जलकर खाक हो गया।

जानकारी के मुताबिक, आग लगने की सूचना रात करीब डेढ़ बजे स्थानीय लोगों ने शोरूम मालिक को दी। सूचना मिलते ही मालिक मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड व पुलिस को जानकारी दी। हालांकि शुरुआती देरी के कारण आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया। आग की शुरुआत ग्राउंड फ्लोर पर स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम से हुई, जो तेजी से फैलते हुए फर्स्ट फ्लोर पर बने गोदाम तक पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पहले पहुंची एक दमकल गाड़ी के बाद हरदोई से तीन और बिलग्राम से दो अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

इस भीषण आग में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, इनवर्टर, बैटरियां, सोफा, बेड, गद्दे समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर का सामान पूरी तरह जल गया। पीड़ित दुकानदार पुनीत वाजपेई के अनुसार, लगभग 1 करोड़ 97 लाख रुपए का सामान और करीब 22 लाख 43 हजार रुपए की नकदी आग में नष्ट हो गई। शोरूम मालिक ने फायर ब्रिगेड पर समय पर पर्याप्त संसाधनों के साथ न पहुंचने का आरोप लगाया है, जिससे नुकसान बढ़ गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Comment