टीकमगढ़। लोकायुक्त सागर की टीम ने जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक वनरक्षक को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक काश्तकार की शिकायत के आधार पर की गई।
जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त सागर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुंडेश्वर बीट में पदस्थ वनरक्षक अरुण अहिरवार को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामला उस समय सामने आया जब उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के भानपुर निवासी काश्तकार अरबाज खान ने लोकायुक्त से शिकायत की। उसने आरोप लगाया कि वनरक्षक लकड़ी ले जाने वाले वाहनों पर अवैध वसूली करता था और रुपए न देने पर कार्रवाई की धमकी देता था। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी पहले भी लकड़ी से भरा वाहन जब्त कर चुका था और उसे छोड़ने के लिए 10 हजार रुपये की मांग की थी। साथ ही हर माह 10 हजार रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा था। लगातार हो रही वसूली से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त से गुहार लगाई। शिकायत की जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने गुरुवार को अंबेडकर चौराहे के पास जाल बिछाकर आरोपी को 5 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।







