सिंगरौली। कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के सभी गैस एजेंसी संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में एलपीजी वितरण व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी एजेंसियों में ई-केवाईसी और एलपीजी वितरण के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को सुविधा के साथ गैस उपलब्ध हो सके।
कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के गैस एजेंसी संचालकों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें एलपीजी वितरण व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना एजेंसियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि ई-केवाईसी और गैस वितरण के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में बुकिंग और डिलीवरी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने पहले बुकिंग की है, उन्हें तय समय पर प्राथमिकता के साथ सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। कलेक्टर ने कालाबाजारी और अवैध जमाखोरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे मामलों में तत्काल सूचना दें, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही अधिकारियों को रोजाना एलपीजी वितरण की मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा अस्पताल, छात्रावास और विद्यालय जैसे संस्थानों में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे अफवाहों से बचें और अनावश्यक पैनिक बुकिंग न करें, जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है।







