सिंगरौली। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने बुधवार को तहसीलदार कोर्ट माड़ा, मकरोहर और अमिलिया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व प्रकरणों के निराकरण की नस्तियों और कोर्ट में प्राप्त आवेदनों का बारीकी से अवलोकन किया।
कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने माड़ा, मकरोहर तथा अमिलिया तहसीलदार न्यायालयों का निरीक्षण कर राजस्व प्रकरणों के निराकरण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोर्ट में प्राप्त आवेदनों और प्रकरणों की नस्तियों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को समयसीमा में प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। माड़ा राजस्व सर्किल न्यायालय में निर्धारित समय पर राजस्व प्रकरण दर्ज नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तहसीलदार माड़ा जान्हवी शुक्ला को निर्देशित किया कि लंबित राजस्व प्रकरणों को दर्ज कर सात दिवस के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही राजस्व मामलों में नियमित सुनवाई कर समय पर निपटारा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि माड़ा सर्किल में पूर्व प्रभारी तहसीलदार सुनील दत्त मिश्रा द्वारा कई महीनों से प्रकरण दर्ज नहीं किए गए थे, जिससे कई मामले लंबित हो गए हैं। सीमांकन, बेदखली सहित अन्य मामलों में सुनवाई नहीं होने पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार एवं रीडर जगजाहिर सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने मकरोहर सर्किल न्यायालय का निरीक्षण कर सीमांकन व बंटवारा से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की। यहां कुछ सीमांकन के प्रकरण एक वर्ष से अधिक समय से दर्ज नहीं पाए गए और लंबित थे। इस पर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदार प्रतीक्षा सिंह तथा कोर्ट रीडर सौरभ सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अमिलिया तहसील कोर्ट का भी निरीक्षण कर राजस्व प्रकरणों का गुणवत्ता के साथ समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदारों को सप्ताह में निर्धारित दिन पर नियमित रूप से कोर्ट संचालित करने तथा लंबित प्रकरणों को आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज कर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने तहसील कार्यालय पहुंचे आवेदकों और अधिवक्ताओं से भी मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि राजस्व प्रकरणों की नियमित सुनवाई कर समय सीमा में उनका निराकरण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व निरीक्षकों व पटवारियों की नियमित बैठक लेकर प्रकरणों के निपटारे में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।







