सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिज के अवैध परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर ने राजस्व, पुलिस, खनिज एवं वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन में संलिप्त भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग संयुक्त टीम बनाकर संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करें और वहां नियमित जांच व छापेमारी की कार्रवाई करें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खनिज और परिवहन विभाग राजस्व, पुलिस व वन विभाग के साथ समन्वय बनाकर अवैध रूप से खनिज परिवहन करते पाए जाने वाले वाहनों को तत्काल जब्त करें और नियमानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि अवैध खनन रोकने के लिए अधिक से अधिक कार्रवाई करना आवश्यक है, ताकि खनिज के अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने कहा कि इस अभियान में पुलिस विभाग पूरा सहयोग देगा। उन्होंने विशेष रूप से रात के समय संवेदनशील क्षेत्रों में औचक कार्रवाई करने की आवश्यकता पर जोर दिया और खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के ट्रांजिट पास व समय की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने सोन घड़ियाल अभ्यारण्य क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को संयुक्त दल बनाकर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से जहां सरकारी राजस्व को नुकसान होता है, वहीं पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंचती है।







