सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गेहूं उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन निर्धारित तिथि तक हर हाल में पूर्ण कराया जाए तथा उपार्जन केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। यह निर्देश उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित टीएल बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर गौरव बैनल ने निर्देश दिए हैं कि गेहूं उपार्जन के लिए किसानों का पंजीयन निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराया जाए। साथ ही उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। यह निर्देश उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित टीएल बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने जिले में अब तक हुए किसान पंजीयन की समीक्षा करते हुए कहा कि पंजीयन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान समय पर पंजीयन करा सकें। उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि पंजीयन समितियों के साथ बैठक कर उपार्जन से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी कराई जाएं। बैठक में कलेक्टर ने संकल्प से समाधान अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जल संरक्षण के लिए नए कार्यों के साथ-साथ परंपरागत जल स्रोतों का जीर्णोद्धार कराया जाए और शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाए। साथ ही खेत तालाब निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि गर्मी के दौरान जिले में पेयजल से संबंधित कोई समस्या न हो, इसके लिए अभी से सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। वहीं जल जीवन मिशन के अधिकारियों को उच्च स्तरीय सर्वे टीम को पूरा सहयोग देने के निर्देश दिए।







