सिंगरौली। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 40 में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब लाल ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सड़क में धंस गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली निर्माण कार्य के लिए ईंट लेकर जा रही थी। इसी दौरान सड़क का एक हिस्सा अचानक बैठ गया, जिससे ट्रॉली का पिछला हिस्सा धंस गया और वाहन एक ओर झुक गया। गनीमत रही कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी नहीं, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बाद में क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद से ट्रॉली को बाहर निकाला गया। स्थानीय निवासियों ने सड़क की खराब गुणवत्ता और नियमित मरम्मत न होने पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि वार्ड में कई स्थानों पर सड़कें जर्जर हैं, जिससे भविष्य में बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।







