सिंगरौली। जिले के चितरंगी वन परिक्षेत्र अंतर्गत करथुआ क्षेत्र के ग्राम बड़कुड़ में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ अचानक एक ग्रामीण के घर में घुस आया। रामबली तिवारी के घर के आंगन में मगरमच्छ दिखाई दिया। जैसे ही परिवार के सदस्यों की नजर उस पर पड़ी, घर में अफरा-तफरी मच गई। भयभीत परिजन किसी तरह घर से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे और तुरंत गांव वालों व प्रशासन को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब तीन बजे रामबली तिवारी के घर के आंगन में मगरमच्छ दिखाई दिया। आंगन में विशालकाय मगरमच्छ को देखते ही परिवार के सदस्य घबरा गए। किसी तरह सभी लोग घर से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे और शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही चितरंगी वन परिक्षेत्र अधिकारी रविशेखर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में सतत गश्त और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।






