सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन में आबकारी विभाग ने अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जिला आबकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में वृत्त मोरवा क्षेत्र में दबिश देकर हाथभट्टी मदिरा और महुआ लाहन की भारी मात्रा बरामद की गई। ग्राम झुग्गी बस्ती, चर्च बस्ती और गोलाई बस्ती में छापामार कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों के घरों से कुल 54 लीटर हाथभट्टी मदिरा एवं 410 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया।
कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री सतीश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग ने अवैध शराब निर्माण और बिक्री करने वालों के खिलाफ छापामारी की। वृत्त मोरवा के तहत ग्राम झुग्गी बस्ती, चर्च बस्ती और गोलाई बस्ती में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान बेबी देवी स्वीपर के घर से 12 लीटर हाथभट्टी मदिरा व 90 किलोग्राम महुआ लाहन, आरती स्वीपर के घर से 17 लीटर हाथभट्टी मदिरा व 320 किलोग्राम महुआ लाहन तथा श्यामकली गुप्ता के घर से 25 लीटर हाथभट्टी मदिरा बरामद किया गया। इन मामलों में म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34 (1)(क) एवं (च) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वहीं ग्राम पिपरा झांपी और बाघाड़ीह में आबकारी टीम ने 50 पाव गोवा व्हिस्की, 25 पाव देसी मदिरा प्लेन, 6 पाव एमडी रम और 3 केन बीयर बरामद की। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 9,715 रुपये है। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक श्वेता सिंह, सुश्री नीलिमा मार्को और अन्य विभागीय अमला मौजूद था। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






