गोरखपुर। जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र अंतर्गत तेनुहिया गांव में रविवार शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर हाइवे जाम कर दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अरुण निषाद के रूप में हुई है।
जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र अंतर्गत तेनुहिया गांव में रविवार शाम एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। 22 वर्षीय अरुण निषाद की उसके ही दोस्तों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवे जाम कर विरोध जताया। परिजनों के अनुसार, शाम करीब 4 बजे विशाल नामक युवक अपने साथियों के साथ अरुण के घर पहुंचा और उसे किसी काम के बहाने बाहर बुला ले गया। घर से करीब 100 मीटर दूर पहुंचने पर कहासुनी के बाद आरोपियों ने अरुण के पेट में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल अरुण को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अरुण अपने परिवार में बड़ा बेटा था और पेंट-पॉलिश का काम कर घर का खर्च चलाता था। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें दो नामजद और छह अज्ञात शामिल हैं। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।







