सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदवार पुलिस चौकी के हुमनाडाड़ में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। बेलगाम रफ्तार से दौड़ रहे हाईवा ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार मृतक अपने रिश्तेदार के साथ बाइक से सवार होकर अपने घर सरौंधा जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और उसके बाद दूसरी बाइक को भी चपेट में ले लिया। हादसे में जगन्नाथ सिंह, लाल देव सिंह और तेजबली सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अरविंद केवट गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।







