जयपुर। जिले के चाकसू क्षेत्र में शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा चाकसू के टिगरिया मोड़ के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। हादसा कोटा-जयपुर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर टिगरिया मोड़ के पास सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ।
जिले के चाकसू क्षेत्र में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला सहित पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा टिगरिया मोड़ के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। पुलिस के अनुसार कार सवार सभी लोग मध्य प्रदेश से आए थे और खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से एक गंभीर घायल युवक को अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं एक महिला सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने सभी शवों को चाकसू के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मामले की जांच जारी है।







