best news portal development company in india

विदिशा में दर्दनाक हादसा: बारातियों से भरी कार 30 फीट गहरे सूखे तालाब में गिरी, 3 की मौत

SHARE:

विदिशा।  जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार टवेरा कार अनियंत्रित होकर करीब 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी। हादसे में तीन बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार गैरतगंज से जाफरखेड़ी निवासी दशरथ सिंह के यहां बारात आ रही थी। टवेरा कार में कुल 10 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार काफी तेज थी और अंधेरा होने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया। बेकाबू कार सीधे सड़क से नीचे तालाब में जा गिरी। हादसे में 35 वर्षीय राजेश लोधी, 30 वर्षीय सोनू लोधी (चालक) और 35 वर्षीय चंद्रशेखर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सात लोग घायल हुए हैं। घायलों में 45 वर्षीय भावसिंह लोधी, 10 वर्षीय ऋतुराज लोधी और एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें विदिशा मेडिकल कॉलेज और फिर बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। अन्य घायलों में अशोक लोधी (25) का हाथ फ्रैक्चर हुआ है, राज बोधी (14) के पेट में गंभीर चोट आई है, जबकि बृजेश लोधी (27) और सुदीप लोधी (20) को सीने में चोटें आई हैं। सभी का इलाज जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा शादी वाले घर से करीब एक किलोमीटर दूर हुआ। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और निजी वाहनों से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment