best news portal development company in india

सिंगरौली: ऐश डाइक हादसे के बाद कलेक्टर का सख्त कदम, कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी

SHARE:

सिंगरौली। जिला कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री गौरव बैनल ने मेसर्स सासन पावर लिमिटेड, ग्राम सिद्धिखुर्द, तहसील एवं जिला सिंगरौली के महाप्रबंधक को ऐश डाइक-1 के क्षतिग्रस्त होने और सुरक्षा एवं पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जिला कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री गौरव बैनल ने मेसर्स सासन पावर लिमिटेड, ग्राम सिद्धिखुर्द के महाप्रबंधक को ऐश डाइक-1 के क्षतिग्रस्त होने और सुरक्षा एवं पर्यावरण मानकों की अनदेखी के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कदम उस समय उठाया गया जब ग्राम हरहवा स्थित ऐश डाइक अचानक क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कारण बड़ी मात्रा में फ्लाई ऐश का बहाव आसपास के कृषि और आवासीय क्षेत्रों में हुआ, जिससे स्थानीय जनता और पर्यावरण दोनों को खतरा उत्पन्न हो गया है। कलेक्टर ने कंपनी प्रबंधन से तीन दिनों के भीतर स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब मांगा है। निरीक्षण में पाया गया है कि 14 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तेज बारिश के कारण ऐश डाइक का बाहरी हिस्सा लैंडस्लाइड का शिकार हुआ, जिससे लगभग 5,760 टन फ्लाई ऐश का बहाव हुआ। जांच रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ है, खासकर फ्रीबोर्ड मानकों और मानसून पूर्व सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया गया। कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि यह जनसुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और कृषि भूमि की सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने कंपनी से पूछा है कि इस घटना के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 एवं नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई क्यों न की जाए। इसके अलावा, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986, जल प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम, 1974 और वायु प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम, 1981 के तहत उद्योग की संचालन अनुमति निरस्त करने का प्रस्ताव भी मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भेजने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कंपनी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, हादसे से प्रभावित संपत्तियों और फसलों का नुकसान का आकलन कर उसकी वसूली भी कंपनी से की जाएगी।

Leave a Comment