सिंगरौली। महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने अवंतीबाई स्वयं सहायता समूह, पीपरखड़ के साथ एमओयू कर एक सराहनीय पहल की है। सीएसआर योजना के अंतर्गत एनसीएल सिंगरौली एवं सोनभद्र जिले के 28 विद्यालयों में आगामी तीन वर्षों तक ‘पाखी’ सैनिटरी पैड की नि:शुल्क एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। इस योजना से करीब 8,000 छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे स्कूलों में उनकी उपस्थिति और स्वास्थ्य दोनों में सुधार की उम्मीद है।
क्षेत्र में महिला स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को नई दिशा देते हुए नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने अवंतीबाई स्वयं सहायता समूह, पीपरखड़ के साथ समझौता कर ‘पाखी’ सैनिटरी पैड के उत्पादन और वितरण की जिम्मेदारी सौंपी है। इस पहल के तहत सिंगरौली और सोनभद्र के 28 विद्यालयों में आगामी तीन वर्षों तक करीब 8,000 छात्राओं को नि:शुल्क सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य किशोरियों में मासिक धर्म स्वच्छता को बढ़ावा देना और स्कूलों में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है। ग्राम पीपरखड़ स्थित ‘पाखी’ निर्माण इकाई की स्थापना एनसीएल झिंगुरदा ने आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी के तकनीकी सहयोग से की थी। वर्तमान में इस इकाई का संचालन आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कर रही हैं। यहां महिलाओं को न केवल सैनिटरी पैड निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाता है, बल्कि मासिक धर्म से जुड़े सामाजिक मिथकों और भ्रांतियों पर भी जागरूक किया जाता है। एमओयू पर एनसीएल के महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री राजीव रंजन और समूह की सचिव श्रीमती उर्वशी रानी सिंह वैश ने हस्ताक्षर किए।







