नेशनल डेस्क। अमरोहा, उत्तर प्रदेश – महाशिवरात्रि से पहले एक अनोखी घटना ने साम्प्रदायिक सौहार्द का उदाहरण पेश किया। संभल जिले की तमन्ना मलिक बुर्का पहनकर कांवड़ लेकर जिले की सीमा से गुजरीं, और रास्ते में शिवभक्तों ने उन्हें पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
अमरोहा की सड़कों पर महाशिवरात्रि से पहले एक अनोखी नज़ारा देखने को मिला। संभल जिले की तमन्ना मलिक बुर्का पहनकर कांवड़ यात्रा में शामिल हुईं, और रास्ते में शिवभक्तों ने उनके स्वागत में पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया। जैसे ही यह खबर पुलिस तक पहुँची, नौगावां सादात पुलिस सक्रिय हो गई और पूरी यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पुलिस ने जत्थे के साथ चलते हुए सुनिश्चित किया कि यात्रा सुरक्षित रहे और कोई अप्रिय घटना न हो। कांवड़िये हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं। “बम-बम भोले” की गूंज से रास्ते भक्तिमय हो उठे हैं। महाशिवरात्रि की रात भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह और शिव की तपस्या की याद दिलाती है। तमन्ना मलिक की इस कांवड़ यात्रा ने एक बार फिर दिखा दिया कि भक्ति, संस्कृति और सौहार्द की कोई सीमा नहीं होती।







