महाराष्ट्र। अकोला जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अकोट तहसील के आदगांव बुद्रुक गांव में साप्ताहिक बाजार के पास स्थित एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में छह साल की मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
अकोला जिले से गुरुवार रात दिल दहला देने वाली खबर सामने आई। अकोट तहसील के आदगांव बुद्रुक गांव में साप्ताहिक बाजार के पास स्थित एक मकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में छह साल की बच्ची समेत तीन लोगों की जान चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोग संभल भी नहीं पाए। छह वर्षीय स्वरा और 27 वर्षीय अनिल चव्हाण अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। 55 वर्षीय रत्ना चव्हाण को गंभीर हालत में पहले अकोट ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, फिर उन्हें Government Medical College and Hospital, Akola में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस और फॉरेंसिक टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। आग बुझाने के लिए अकोट और तेलहारा से दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। ग्रामीणों ने भी पानी और संसाधनों की व्यवस्था कर बचाव कार्य में सहयोग दिया।







