सूरज कुमार
सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला बुधवार देर रात दो ज्वेलरी दुकानों में हुई लाखों रुपये की चोरी का है, जिसने इलाके के व्यापारियों में भारी नाराजगी पैदा कर दी है। सीएम राइज विद्यालय के सामने स्थित दुकानों के ताले तोड़कर बदमाश करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और सीसीटीवी का डीवीआर लेकर फरार हो गए। सुबह घटना सामने आने के बाद व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल उठाए।

बरगवां थाना क्षेत्र में दो ज्वेलरी दुकानों में हुई लाखों रुपये की चोरी ने पुलिस की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यस्त इलाके और विद्यालय के सामने स्थित दुकानों में देर रात ताले तोड़कर चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरी को उजागर करता है। चोर न सिर्फ करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात ले गए, बल्कि सीसीटीवी का डीवीआर भी उखाड़ ले गए, जिससे साफ है कि वारदात सुनियोजित थी। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि नियमित और प्रभावी रात्रि गश्त होती तो इतनी बड़ी चोरी संभव नहीं थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू करने की बात कही है, लेकिन क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरियों का अब तक खुलासा न होने से लोगों का भरोसा कमजोर पड़ा है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम नाम मात्र के हैं। लगातार हो रही वारदातों से बाजार में दहशत का माहौल है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।






