सिंगरौली। टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में डॉ. राजेश मिश्र की अध्यक्षता एवं कलेक्टर श्री गौरव बैनल की उपस्थिति में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित टीबी उन्मूलन कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने कहा कि टीबी की समय पर पहचान और नियमित उपचार से ही जिले को टीबी मुक्त बनाया जा सकता है।
टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. राजेश मिश्र ने की, जबकि कलेक्टर श्री गौरव बैनल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सांसद ने स्पष्ट कहा कि टीबी उन्मूलन केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान की समीक्षा प्रत्येक दो माह में अनिवार्य रूप से की जाए और उपचाररत मरीजों को मिलने वाली सहायता राशि समय पर उपलब्ध कराई जाए। आकांक्षी ब्लॉक देवसर और दूर-दराज के इलाकों में विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। डायबिटीज, एचआईवी मरीजों, 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों तथा नशे का सेवन करने वाले व्यक्तियों की प्राथमिकता के आधार पर जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।







